चंद्रहास वैष्णव 
शहर के होटल एंबीशन में काम शुरू करने के दूसरे ही दिन रिसेप्शन से 1 लाख रुपए की चोरी करने वाले शातिर अंतर्राज्यीय चोर को बस्तर पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी इतना शातिर है कि वह देश के कई राज्यों में इसी तरह होटलों में नौकरी के बहाने लाखों रुपए की चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी और होटल कर्मचारी अरुण कुमार कंसारी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 जुलाई 2026 को अनिमेष बक्सी नाम के युवक ने होटल एंबीशन में नए कर्मचारी के रूप में ज्वाइन किया था। काम शुरू करने के अगले ही दिन, 19 जुलाई को सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच उसने मौका पाकर रिसेप्शन के दराज में रखे 1 लाख रुपए नकद पार कर दिए और फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस ने सबसे पहले होटल और शहर के विभिन्न सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की स्पष्ट पहचान अनिमेष बक्सी (24 वर्ष), निवासी- 104 सतदल इनक्लेव, नॉर्थ ऑफिस पारा, ए.जी. ऑफिस के पीछे डोरंडा, जिला रांची (झारखंड) के रूप में हुई। इसके बाद साइबर सेल की तकनीकी मदद ली गई, जिससे आरोपी की लोकेशन पुणे में ट्रेस हुई। तत्काल एक पुलिस टीम पुणे रवाना की गई और आरोपी को वहां से हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छुपाए गए पैसों में से 10,000 रुपए बरामद कर लिए हैं। उसे ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाया गया था।
##कई राज्यों के होटलों में कर चुका है हाथ साफ
पूछताछ में एक बड़ा खुलासा यह भी हुआ है कि आरोपी अनिमेष बक्सी एक आदतन अपराधी है। उसने तिरुपति (आंध्र प्रदेश), गोवा, कोच्चि, तमिलनाडु और पुणे के कई होटलों में बिल्कुल इसी तर्ज पर वारदात को अंजाम दिया है और वहां से भी लाखों रुपये की चोरी कर चुका है।
इस पूरी कार्रवाई में एसपी शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन, एएसपी सुखनंदन राठौर व सीएसपी धोत्रे सुमित कुमार के निर्देशन में टीआई लीलाधर राठौर, उ.नि. प्रमोद ठाकुर, अरुण मरकाम, अमित सिदार, पीएसआई भूपेंद्र पैकरा, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने सहित आरक्षक भीम मंडावी, राजू बघेल, त्रिनाथ कश्यप, बलराम, सोनू गौतम और हिमांशु की अहम भूमिका रही।
