यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
प्रदेश कांग्रेस कमेटी रायपुर के अहवान पर आज दिनांक 11 अगस्त 2026 को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय कांकेर में आयोजित जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री बिरेश ठाकुर ने विश्व आदिवासी दिवस को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
श्री ठाकुर ने कहा कि 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की संस्कृति, अस्मिता, परंपरा और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों के सम्मान का दिन है। लेकिन यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने इस महत्वपूर्ण दिवस की उपेक्षा की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्री, विधायक एवं प्रमुख नेताओं ने विश्व आदिवासी दिवस पर आदिवासी समाज को शुभकामनाएं प्रेषित करना तक उचित नहीं समझा। इससे आदिवासी समाज के प्रति भाजपा की सोच और प्राथमिकता स्पष्ट होती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय विश्व आदिवासी दिवस को पूरे सम्मान और गौरव के साथ मनाया जाता था तथा शासकीय अवकाश की व्यवस्था कर आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराओं को सम्मान दिया गया था। इसके विपरीत वर्तमान सरकार के रवैये से आदिवासी समाज स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहा है।
श्री ठाकुर ने कहा कि भाजपा आदिवासियों को केवल वोट बैंक के रूप में न देखे। एक ओर भाजपा आदिवासी हितैषी होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी समाज के सबसे महत्वपूर्ण दिवस पर उसके मंत्री और विधायक शुभकामनाएं तक नहीं देते। कांग्रेस ने सवाल किया कि आखिर भाजपा सरकार और उसके जनप्रतिनिधियों को विश्व आदिवासी दिवस से इतनी दूरी क्यों है?
उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति, पूर्वजों और अधिकारों को याद करने का दिन है। छत्तीसगढ़ की पहचान आदिवासी संस्कृति के बिना अधूरी है। बस्तर, कांकेर, सरगुजा सहित प्रदेश के आदिवासी अंचलों ने अपनी मेहनत, संस्कृति और संघर्ष से छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान बनाई है।
पत्रकार वार्ता में भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर सहित आदिवासी समाज के ज्ञात-अज्ञात वीरों के संघर्ष को नमन करते हुए कहा गया कि कांग्रेस पार्टी जल-जंगल-जमीन, आदिवासी अस्मिता और संवैधानिक अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा विश्व आदिवासी दिवस की उपेक्षा आदिवासी समाज के सम्मान से जुड़ा विषय है। कांग्रेस पार्टी आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि आदिवासी समाज अपने सम्मान और अधिकारों की उपेक्षा को न भूलेगा
आज के पत्रकार वार्ता मै बसंत यादव जी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री जनक नन्दन कश्यप प्रदेश सचिव, उदय प्रकाश शर्मा बंटी महामंत्री, मनोज जैन, लोमेंद्र यादव, यासीन करानी, संग्राम नेताम, भौम सिंह नाग, भारती सलाम, अजय सिंह रेनू दीपक शोरी,मुकेश तिवारी, बबलू देवांगन सहित कार्यकर्ता गण मौजुद थे
