कोंडागांव: मसोरा हाई स्कूल में गूंजा देशभक्ति का जज्बा: पूर्व सैनिकों को छात्राओं ने बांधी राखी, मिला मोटिवेशनल संदेश ​

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कोंडागांव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मसोरा में एक विशेष गरिमामय एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत पूर्व सैनिकों का सम्मान समारोह एवं रक्षा सूत्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल प्रशासन द्वारा इस खास मौके पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के प्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था।
​कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एक बेहद प्रेरक और ऊर्जावान भाषण दिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन, राष्ट्र सेवा, कठिन परिश्रम और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराया। उन्होंने बच्चों को सेना में करियर बनाने, राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उनके विचारों को सुनकर पूरा परिसर भारत माता की जय के नारों से गुंजायमान हो उठा।
​ कार्यक्रम के दौरान एक भावुक और अटूट संबंध देखने को मिला। स्कूल की छात्राओं ने देश की सीमा और सुरक्षा में अपना सर्वस्व देने वाले अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सभी पूर्व सैनिकों को रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उनका आशीर्वाद लिया। पूर्व सैनिकों ने भी बच्चों को हमेशा देश की रक्षा और समाज कल्याण के पथ पर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
​कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रशासन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पूर्व सैनिकों की उपस्थिति और उनके द्वारा दी गई प्रेरणा के लिए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सहसचिव रवि ठाकुर, सदस्य रतिराम सोरी, श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर, सेवारत सैनिक टंकेश्वर सेन, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।