ओरमा सरपंच मंजूलता साहू ने मानदेय की राशि से स्कूली बच्चों को जूते-मोजे वितरित कर मनाया जन्मदिन

विनोद जैन

बालोद। संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच मंजूलता साहू ने इस वर्ष अपना जन्मदिन सामाजिक सरोकार और जनसेवा को समर्पित करते हुए मनाया। जन्मदिन के अवसर पर न्योता भोज के साथ गांव में विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के तहत महातारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों का वितरण किया गया। वहीं सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। सरपंच मंजूलता साहू ने अपने मानदेय की राशि से प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों को जूते एवं मोजे वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर गांव के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया तथा उपस्थित ग्रामीणों और बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन भी किया गया। प्राथमिक शाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

सरपंच मंजूलता साहू ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, बुजुर्गों का सम्मान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने आगे कहा कि “माता-पिता बच्चे को जन्म देकर उसका पालन-पोषण करते हैं, वहीं शिक्षा के क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और मितानिनें बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान करना मेरा प्रथम दायित्व है, ताकि उनका मनोबल बढ़े और वे भविष्य में भी बच्चों की शिक्षा एवं सेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा से योगदान देती रहें।”

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन को सेवा, सम्मान और जनकल्याण से जोड़ने का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी सकारात्मक संदेश देता है।

इस दौरान गांव के कोटवार, महिला समूहों की सदस्याओं एवं अन्य महिलाओं का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपसरपंच रामचंद्र यादव, वरिष्ठ पंच सुदामा साहू, पंचायत सचिव संतोष साहू, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सहित गांव के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।