यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कोंडागांव
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के तत्वाधान में 10 सितंबर 2026 को स्थानीय इंडोर ऑडिटोरियम में एक भव्य मोटिवेशनल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 29वीं आईटीबीपी बटालियन के डिप्टी कमांडेंट रोबिन सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के पदाधिकारीयों द्वारा मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट रोबिन सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने परिषद द्वारा जिले के चारों ब्लॉक में चलाए जा रहे निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविरों की विस्तृत जानकारी डिप्टी कमांडेंट साहब को दी और बताया कि पूर्व सैनिकों के द्वारा युवाओं को सेना व अर्धसैनिक बलों के लिए तैयार किया जा रहा है l प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए डिप्टी कमांडेंट रोबिन सिंह ने अपने जीवन के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए बताया कि वे स्वयं एक साधारण किसान परिवार से आते हैं और निरंतर संघर्ष, कड़ी मेहनत व अनुशासन के बल पर ही आज डिप्टी कमांडेंट के पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं होता, यदि मन में दृढ़ संकल्प और मेहनत करने का जज्बा हो। उन्होंने निशुल्क प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियों को पूरी निष्ठा के साथ तैयारी कर देश सेवा में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के विशेष अवसर पर परिषद से निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर अग्निवीर में चयनित हुए और वर्तमान में छुट्टी पर घर लौटे सिपाही किसमन को डिप्टी कमांडेंट रोबिन सिंह के हाथों सॉल पहनाकर सम्मानित कराया गया, जो सभी प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने।
कार्यक्रम के अंत में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव की ओर से मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट रोबिन सिंह को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने युवाओं को बहुमूल्य मार्गदर्शन देने के लिए डिप्टी कमांडेंट साहब का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक व बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, मीडिया प्रभारी कमलेश्वर ध्रुव, सदस्य रतीराम सोरी, श्रीकांत तिवारी, ढालेश साहू सहित 370 युवक एवं युवतियां उपस्थित रहे।
