चंद्रहास वैष्णव 
जिले के नगरनार थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल से वापस अपने घर जा रही एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पीड़िता जब अपने स्कूल से पैदल घर की ओर लौट रही थी, उसी दौरान आरोपी ने उसे सुरक्षित घर छोड़ने का झांसा दिया और अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया. नाबालिग को घर ले जाने के बजाए आरोपी उसे सुनसान जंगल की ओर ले गया और वहां उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया.
मिली जानकारी के अनुसार वारदात के बाद किसी तरह अपने घर पहुंची नाबालिग ने हिम्मत दिखाते हुए परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. आपबीती सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए और वे तुरंत ही मामले की शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने पहुंचे. मामले की संवेदनशीलता और संगीनता को देखते हुए नगरनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की. पुलिस की टीम ने बिना कोई वक्त गंवाए देर रात ही घेराबंदी कर आरोपी सदाशिव पुजारी (32) को खोज निकाला और हिरासत में ले लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. आवश्यक वैधानिक और डॉक्टरी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
