विनोद जैन 
बालोद। नगर पालिका परिषद बालोद ने शहर के दशहरा तालाब क्षेत्र में कथित अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई तेज करते हुए संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया है। नगर पालिका द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि शासन से आवंटित पट्टा क्षेत्र से अधिक भूमि पर कब्जा किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है, जिससे क्षेत्र में निर्मित नालियों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव कार्य प्रभावित हो रहा है।
नगर पालिका के अनुसार, अतिरिक्त कब्जे को अनधिकृत एवं आपत्तिजनक बताते हुए संबंधित पक्ष को सूचना प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर अतिरिक्त अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने की स्थिति में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा उससे होने वाली क्षति के लिए संबंधित पक्ष स्वयं जिम्मेदार होगा।
नगर पालिका द्वारा जारी इस नोटिस की प्रतिलिपि कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, नगर पालिका अध्यक्ष एवं संबंधित वार्ड पार्षद को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
दशहरा तालाब क्षेत्र शहर का महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल माना जाता है। ऐसे में नगर पालिका की इस कार्रवाई को सार्वजनिक भूमि के संरक्षण और शहरी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, मामले में अंतिम निर्णय नियमानुसार जांच और आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।
