चंद्रहास वैष्णव
आयुष विश्वविद्यालय (Pt. Deendayal Upadhyay Memorial Health Sciences and Ayush University of Chhattisgarh) द्वारा आयोजित MBBS फाइनल पार्ट-2 वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रदेश भर के 10 शासकीय और 4 निजी मेडिकल कॉलेजों के प्रतिभावान छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे, जिसमें बस्तर के स्व. बलिराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (डिमरापाल, जगदलपुर) की होनहार छात्रा डॉ. राखी पटेल ने बाज़ी मारते हुए पूरे राज्य में प्रथम स्थान (State Topper) हासिल किया है।
वर्ष 2021 बैच की छात्रा डॉ. राखी पटेल की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से न केवल जगदलपुर मेडिकल कॉलेज बल्कि पूरे बस्तर अंचल में खुशी की लहर दौड़ गई है।
##कठिन परिश्रम और संकल्प का परिणाम–
राज्यभर के बड़े और सर्वसुविधायुक्त मेडिकल कॉलेजों के छात्रों को पीछे छोड़ते हुए बस्तर की इस छात्रा ने यह साबित कर दिया है कि लगन और सही मार्गदर्शन हो तो किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है। डॉ. राखी ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, प्रोफेसरों के सटीक मार्गदर्शन और अपनी निरंतर मेहनत को दिया है।
##मेडिकल कॉलेज प्रबंधन में हर्ष का माहौल–
स्व. बलिराम कश्यप चिकित्सा महाविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ डॉक्टरों ने डॉ. राखी पटेल को बधाई दी है।
“यह हमारे संस्थान के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। डॉ. राखी ने अपनी लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे छत्तीसगढ़ में जगदलपुर मेडिकल कॉलेज का नाम रोशन किया है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल चिकित्सकीय करियर की कामना करते हैं।”
— कॉलेज प्रबंधन
