सूने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा, 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपी दबोचा
चोरी गए सोने-चांदी के जेवर, नकदी सहित करीब ₹10 लाख की संपत्ति बरामद
कांकेर । चारामा पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंच बनाई। आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर, नकदी तथा अन्य सामान शत-प्रतिशत बरामद कर लिया गया है। बरामद संपत्ति का अनुमानित मूल्य लगभग ₹10 लाख बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रकरण थाना चारामा में अपराध क्रमांक 155/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) एवं 331(4) के अंतर्गत दर्ज किया गया था।
परिवार के बाहर जाते ही वारदात
प्रार्थी पंकज प्रेमचंद (48 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 2, चारामा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 15 जुलाई 2026 को परिवार सहित अपने पैतृक गांव गया था। 17 जुलाई को पड़ोसियों से सूचना मिली कि घर का पिछला दरवाजा खुला हुआ है। वापस लौटकर देखने पर घर और आलमारी का ताला टूटा मिला तथा सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित लगभग ₹8.45 लाख की संपत्ति चोरी हो चुकी थी।
300 से अधिक CCTV फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पवन सोनकर (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 2, चारामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 16 जुलाई की रात मकान के पीछे से प्रवेश कर दरवाजा और आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर एवं नकदी चोरी की थी। आरोपी ने बताया कि उसने निजी आर्थिक आवश्यकता पूरी करने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया।
शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद
आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने एवं चांदी के विभिन्न आभूषण, नकदी, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा चोरी में उपयोग किए गए औजार (लोहे का पलटा, पेचकस, प्लास आदि) बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर के नेतृत्व में उप निरीक्षक सर्वेश पटेल, उप निरीक्षक (प्रशिक्षु) हेमंत कुमार, सहायक उप निरीक्षक दुष्यंत दीवान, आरक्षक तरुण सिन्हा, अनिल जैन, हीरामन यादव तथा साइबर सेल कांकेर के निरीक्षक यशवंत श्याम एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
