दीपक विश्वकर्मा 
पाली।
नगर की आराध्य देवी मां बिरासिनी मंदिर परिसर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से निकलने वाली ऐतिहासिक रथ यात्रा के क्रम में आज एक भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। परंपरा के अनुसार, भगवान जगन्नाथ भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ अपनी मौसी के घर यानी पाली के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पंडित प्रकाश पालीवाल के निवास पर तीन दिनों के विश्राम के बाद आज अपने मुख्य धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। भगवान के प्रस्थान (धाम वापसी) से पूर्व हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पालीवाल परिवार द्वारा एक विशाल भंडारे और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
*बैठाकर खिलाया गया प्रभु का विशेष प्रसाद।*
इस पावन अवसर पर पंडित प्रकाश पालीवाल के गृह निवास पर उत्सव जैसा माहौल रहा। भगवान जगन्नाथ जी को विशेष रूप से कढ़ी-चावल, पूड़ी-सब्जी और खीर का भोग लगाया गया। इसके बाद विशाल भंडारे की शुरुआत हुई, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को पूरी श्रद्धा और मर्यादा के साथ बैठाकर भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया।
अधिकारियों और *जनप्रतिनिधियों सहित उमड़ा जनसैलाब।*
धार्मिक सौहार्द और आस्था के इस बड़े केंद्र पर आयोजित भंडारे में नगर के तमाम गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों सहित भारी संख्या में स्थानीय और आसपास के श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान का दर्शन किया और महाप्रसाद का लाभ उठाया।
आज होगी भगवान जगन्नाथ की अपने धाम वापसी
मौसी के घर तीन दिनों तक आतिथ्य सत्कार ग्रहण करने के बाद आज चौथे दिन प्रभु जगन्नाथ सनातनी परंपराओं और वैदिक मंत्रोचार के बीच पुनः अपने मुख्य धाम (मंदिर) के लिए वापस लौटेंगे। भगवान की विदाई और धाम वापसी को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में पालीवाल परिवार सहित स्थानीय युवाओं और श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।
