भानुप्रतापपुर, रिपुदमन सिंह बैस
भानुप्रतापपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानुप्रतापपुर परिसर में निर्माणाधीन भवन के लिए खोदे गए कॉलम गड्ढे में एक गाय के गिर जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद निर्माण कार्य में बरती जा रही सुरक्षा व्यवस्था और मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ठीक खंड चिकित्सा अधिकारी के कमरे के पास का निर्माण कार्य जारी है। निर्माण के लिए गहरे कॉलम गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन इन गड्ढों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार के सुरक्षा इंतज़ाम किये गये है ।
बीती रात परिसर में घूम रही एक गाय अचानक गड्ढे में गिर गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल कर्मी, निर्माण कार्य से जुड़े लोग और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि गाय को गंभीर चोट नहीं पहुंची, लेकिन घटना ने निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज, परिजन और आम नागरिक पहुंचते हैं। ऐसे में खुले और असुरक्षित गड्ढे किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। यदि गाय की जगह कोई बच्चा, मरीज या अन्य व्यक्ति गड्ढे में गिर जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
