बालोद नपा में फिटकरी घोटाला, जांच की फाइलें दबाने पर संयुक्त संचालक का अंतिम अल्टीमेटम!

विनोद जैन

बालोद एलम खरीदी को लेकर घालमेल की उच्च स्तरीय जांच चल रही है। क्षेत्रीय कार्यालय ने नगर पालिका को अंतिम स्मरण पत्र जारी कर सभी मूल दस्तावेज और स्टॉक पंजी तलब की है।

लेकिन पालिका प्रशासन के हौसले इतने बुलंद हैं कि एक तरफ जांच चल रही है और दूसरी तरफ वर्तमान में भी बिना टेंडर ₹39 के भाव पर नई खरीदी का खेल धड़ल्ले से जारी है।

छोटे कद के ‘पार्षद’ दीपक लोढा के आंकड़ों के मुताबिक, वास्तविक जरूरत से करीब 108 टन अधिक फिटकरी की फर्जी खपत कागजों पर दर्ज कर ₹42 लाख का अतिरिक्त भुगतान किया गया है।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी जांच चलने और प्रशासनिक, वित्तीय स्वीकृति के बावजूद नगर पालिका ने अब तक नियम सम्मत टेंडर जारी नहीं किया है।

पारदर्शिता से बचने के लिए टेंडर को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है और वर्तमान में भी बिना टेंडर, टुकड़ों में चहेते सप्लायरों से ₹39 प्रति किलो के महंगे भाव में धड़ल्ले से नई खरीदी जारी है।