कम दाम में बाइक दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

 

कोंडागांव, 5 जून 2026। कम कीमत में मोटरसाइकिल दिलाने का लालच देकर ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को कोंडागांव पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने लोगों से नगद रकम लेकर उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए उनके नाम पर फाइनेंस कर वाहन खरीदे और पूरी जानकारी छिपाकर धोखाधड़ी की।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी बसमन नेताम की शिकायत पर थाना कोंडागांव में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी सुखधर पोयाम (36 वर्ष) और जयन्तो हलदार (27 वर्ष) ने “डिस्काउंट में महंगी बाइक दिलाने” का झांसा देकर दर्जनों ग्रामीणों से 65 हजार से 85 हजार रुपये तक नगद वसूले। इसके बाद आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और फोटो लेकर बिना जानकारी दिए उनके नाम से वाहन फाइनेंस करा लिए।

आरोपियों ने ग्रामीणों को बताया था कि 1 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली मोटरसाइकिलें उन्हें 65 से 85 हजार रुपये में उपलब्ध कराई जाएंगी। इसी लालच में आकर करीब 40 से 50 लोग ठगी का शिकार हो गए। जांच के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सहायक उपनिरीक्षक पिताम्बर कठार तथा थाना एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।