ताड़ोकी से अंतागढ़ तक कांग्रेस की विशाल पदयात्रा, करीब 2 हजार ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ भरी हुंकार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित पदयात्रा में विशेष रूप से उपस्थित रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव एवं जिले के पदाधिकारी; बसंत यादव एवं दुर्गेश ठाकुर के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

आम जनता के सम्मान में, कांग्रेस पार्टी मैदान में” के नारे के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंतागढ़ के आह्वान पर मंगलवार को ताड़ोकी से अंतागढ़ तक विशाल पदयात्रा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारी भी पदयात्रा में शामिल हुए।
कांग्रेस द्वारा आयोजित पदयात्रा में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस पदयात्रा में करीब 2 हजार लोगों ने शामिल होकर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ता जनसमस्याओं से जुड़े नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। कांग्रेस ने इस पदयात्रा को सरकार और प्रशासन तक क्षेत्र की जनता की आवाज पहुंचाने का आंदोलन बताया।
पदयात्रा में रावघाट खदान प्रभावित क्षेत्र की समस्याएं, अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग की बदहाली, स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस व्यवस्था, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल तथा किसानों के सामने यूरिया-डीएपी खाद की किल्लत प्रमुख मुद्दे रहे।

रावघाट से संसाधन जा रहे, प्रभावित गांवों को विकास का हक कब?

कांग्रेस नेताओं ने रावघाट खदान प्रभावित क्षेत्र की स्थिति को लेकर सरकार और भिलाई स्टील प्लांट (BSP) प्रबंधन पर सवाल उठाए। कांग्रेस का आरोप है कि खदान शुरू होने से पहले क्षेत्र के विकास को लेकर कई वादे किए गए थे, लेकिन प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं और विकास की मांग कर रहे हैं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि स्थानीय ग्रामीणों के साथ ग्राम सभाओं और जनप्रतिनिधियों की मांगों एवं आपत्तियों को पर्याप्त गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। कांग्रेस ने नियमों के विपरीत जंगलों की कटाई का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की। साथ ही रावघाट खदान प्रभावित क्षेत्र में अंतागढ़ और कोयलीबेड़ा ब्लॉक को समुचित रूप से शामिल कर विकास का लाभ देने की पुरानी मांग दोहराई।

जर्जर अंतागढ़-नारायणपुर सड़क पर सवाल—आखिर कब जागेगी सरकार?

पदयात्रा में अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग की बदहाली का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारी वाहनों और माइंस से जुड़े ट्रकों की लगातार आवाजाही से सड़क की हालत खराब होती जा रही है। इससे ग्रामीणों एवं वाहन चालकों को परेशानी होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
कांग्रेस ने सरकार से सड़क की तत्काल मरम्मत एवं समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
आदिवासी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर आक्रोश
कांग्रेस ने अंतागढ़ जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए। नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को समय पर इलाज और एंबुलेंस सुविधा नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पार्टी ने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं बढ़ाने और एंबुलेंस व्यवस्था को तत्काल मजबूत करने की मांग की।
स्मार्ट मीटर और खाद संकट को लेकर भी सरकार को घेरा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ता बिजली बिल बढ़ने की शिकायत कर रहे हैं, जिससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कांग्रेस ने इन शिकायतों की जांच कर जनता को राहत देने की मांग की।
वहीं किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खाद की कमी के कारण किसान खुले बाजार से अधिक कीमत पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। पार्टी ने कथित कालाबाजारी की जांच कर किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की।

बसंत यादव बोले—यह अंतागढ़ ,कोयलीबेड़ा की जनता के हक की लड़ाई

जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि ताड़ोकी से अंतागढ़ तक की यह पदयात्रा क्षेत्र की आम जनता के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लोगों की चिंता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा, “अंतागढ़ और रावघाट क्षेत्र के संसाधनों का उपयोग हो रहा है तो यहां की जनता को विकास, बेहतर सड़क, स्वास्थ्य सुविधाएं और मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, संघर्ष जारी रहेगा।”

दुर्गेश ठाकुर बोले—जनता की आवाज दबने नहीं देंगे

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश ठाकुर ने कहा कि ग्रामीणों का इतनी बड़ी संख्या में पदयात्रा में शामिल होना सरकार और प्रशासन के लिए संदेश है। अंतागढ़ की जनता सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और खाद जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान चाहती है।
उन्होंने कहा कि रावघाट प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की मांगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने समय रहते समस्याओं पर ठोस कदम नहीं उठाया तो कांग्रेस ग्रामीणों और आम जनता के साथ आंदोलन को और व्यापक करेगी।

सरकार से सीधा सवाल—आखिर कब मिलेगा अंतागढ़ को उसका हक?
कांग्रेस ने पदयात्रा के माध्यम से सवाल उठाया कि रावघाट प्रभावित क्षेत्र का समुचित विकास कब होगा? अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग कब सुधरेगा? स्वास्थ्य और एंबुलेंस व्यवस्था कब दुरुस्त होगी? किसानों को पर्याप्त खाद कब मिलेगी? स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों से राहत कब मिलेगी? और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि जनता की इन समस्याओं को मजबूती से कब उठाएंगे?
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 2 सितंबर की यह पदयात्रा सरकार और प्रशासन तक जनता की समस्याएं पहुंचाने का संदेश है। मांगों पर समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कांग्रेस ग्रामीणों और आम जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगी।

वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

पदयात्रा में पूर्व जिला अध्यक्ष सुभद्रा सलाम, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अखिलेश चंदेल, मुकेश ठक्कर, तोमेश जोशी, रूप सिंह पटाई, कांति नाग, दिलीप बघेल, रमेश बघेल, जगदेव कड़ियां, दया दुग्गा, गोलू नायक, कोयलीबेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष अनिल दर्रा, आमाबेड़ा के किशोर मरकाम, बलदेव मरकाम, टंकेश जैन, संतोष नाग, गुड्डा खान, तेज बघेल, विजय यादव एवं अनिल गुप्ता सहित यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। विशेष रूप से अखिलेश चंदेल, बद्री गावड़े, विश्राम गावड़े, शेखसरीफ कुरैशी एवं राकेश गुप्ता का कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान रहा।