नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय थाई बॉक्सिंग प्रतियोगिता में विजय प्राप्त कर लौटे उमेश नाग का नगर में भव्य स्वागत

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कोंडागांव, 20 मई 2026।
नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय थाई बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विजय प्राप्त करने वाले नगर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी उमेश नाग के प्रथम नगर आगमन पर मंगलवार को नगरवासियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। अम्बेडकर वार्ड स्थित जोड़ा जैतखाम में नागरिकों, युवाओं एवं खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं एवं जयघोष के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात स्वागत रैली निकालते हुए उन्हें उनके निवास तक ले जाया गया। विदित हो कि खिलाड़ी उमेश नाग, कोंडागांव नगर के बाजार पारा निवासी लक्ष्मीनारायण नाग के पुत्र हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनकी उपलब्धि से पूरे नगर में उत्साह का वातावरण देखा गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं युवाओं ने कहा कि उमेश नाग ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे नगर एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है। युवाओं के लिए उनकी सफलता प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में धँसराज टण्डन, सुरेश बघेल अध्यक्ष सतनामी समाज, गुरुचरण मार्कण्डेय, गणेश कोसले, लखराज टण्डन, प्रेमराज डहरिया, नरेंद्र मार्कण्डेय, ललित नाग, रामराज कोसरे सहित नगर के गणमान्य नागरिक, युवा साथी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी उपस्थितजनों ने उमेश नाग को उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ दीं।