चंद्रहास वैष्णव

बस्तर में वित्तीय समावेशन और डिजिटल सशक्तिकरण पर जोर, महानिदेशक डाक जितेन्द्र गुप्ता ने की अध्यक्षता
डाक विभाग द्वारा आज बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स सभागार, जगदलपुर में जीडीएस सभा एवं क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। बस्तर संभाग के लगभग 180 ग्रामीण डाक सेवकों (जीडीएस) ने इस कार्यशाला में भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अग्रिम पंक्ति के डाक कर्मियों की क्षमता को सुदृढ़ करना और क्षेत्र में वित्तीय समावेशन, बीमा कवरेज व आर्थिक विकास में इंडिया पोस्ट की भूमिका को मजबूत करना रहा।
*महानिदेशक डाक ने की अध्यक्षता*
कार्यशाला की अध्यक्षता श्री जितेन्द्र गुप्ता, महानिदेशक डाक सेवायें, डाक निदेशालय, नई दिल्ली ने की। उनके साथ श्री अजय सिंह चौहान, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल, रायपुर और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए महानिदेशक जितेन्द्र गुप्ता ने कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि **बस्तर अब वामपंथी उग्रवाद की छाया से बाहर आकर शांति, विकास और अवसर के नए चरण में प्रवेश कर चुका है**। इस बदलाव को मजबूत करने में इंडिया पोस्ट की अहम भूमिका है, खासकर अंतिम छोर तक सरकारी सेवाओं, वित्तीय उत्पादों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को पहुंचाने में।
*बस्तर को आकांक्षी संभाग बनाने पर जोर*
महानिदेशक ने बस्तर को एक आकांक्षी संभाग बताते हुए जीडीएस से वित्तीय साक्षरता फैलाने, बीमा कवरेज बढ़ाने और बचत-डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने उदाहरणों के जरिये तय लक्ष्यों को पूरा करने के महत्व को भी रेखांकित किया।
*सेवा गुणवत्ता और डिजिटल बैंकिंग पर फोकस*
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल अजय सिंह चौहान ने सेवा गुणवत्ता सुधार, ग्राहक पहुंच विस्तार और डाक बचत योजनाओं, पीएलआई, आरपीएलआई तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) सेवाओं के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज किए गए कार्य भावी पीढ़ी और राष्ट्र निर्माण को सीधे प्रभावित करेंगे।
*स्पष्ट लक्ष्य के साथ हुआ समापन*
कार्यक्रम का समापन बस्तर को वित्तीय रूप से साक्षर, पर्याप्त बीमित और डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के स्पष्ट लक्ष्यों के साथ हुआ। इस जीडीएस सभा ने जमीनी स्तर पर समावेशी विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति डाक विभाग की प्रतिबद्धता को दोहराया।
