यजुवेंद्र सिंह ठाकुर
काँकेर । सुप्रसिद्ध सामाजिक संस्था जन सहयोग द्वारा आज काँकेर के अलबेला पारा स्थित कमल सदन के बाजू में वर्षों पहले निर्मित बच्चों के पार्क की दयनीय दशा का विवरण वरिष्ठ नागरिकों से सुनकर तय किया कि अतिशीघ्र इस पार्क का जीर्णोद्धार करना आवश्यक है ताकि गर्मी की छुट्टियों में बच्चे यहां खेलने आ सकें और नागरिक भी सुबह-शाम पार्क की ठंडी हवा का आनंद ले सकें। “जन सहयोग” तथा भूतपूर्व सैनिक परिषद के सदस्य सुबह सवेरे ही इस उजड़े हुए वीरान में जा पहुंचे और वहां का नज़ारा देखकर दुखी हो गए क्योंकि न केवल झाड़ी- झंकाड़ से पार्क बर्बाद हो रहा था बल्कि असामाजिक तत्वों ने दारू की बोतलों का ढेर लगाकर अपनी ओर से पार्क की हुलिया बिगाड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। अजय पप्पू मोटवानी के नेतृत्व में यह टीम तुरंत अपने कर्तव्यपालन में लग गई। कई घंटे तक चलने वाली कचरा सफ़ाई के पश्चात देखा गया कि पार्क तीन चौथाई साफ़ सुथरा हो चुका है और इरादा किया गया कि शेष भाग को भी शीघ्र ही स्वच्छ साफ़ सुथरा कर बच्चों के खेलने योग्य बना दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यह पार्क बच्चों के लिए बड़ी उम्मीद के साथ निर्मित किया गया था लेकिन स्थानीय शासन प्रशासन द्वारा ध्यान न दिए जाने के कारण इसकी ऐसी दुर्दशा हो गई । स्पष्ट है कि ऐसे अवसर पर आम जनता और जन संगठनों को ही सामने आना पड़ता है। इसीलिए अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने कहा कि हम लोगों ने मिलकर काँकेर के अन्य पार्को का उद्धार कर उन्हें पुरानी रौनक दिलाई है ,उसी तरह हम अलबेला पारा के बच्चों के पार्क का भी उद्धार कर रहे हैं। आज के इस स्वच्छता अभियान में जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा वरिष्ठ समाज सेवक डॉ श्याम देव, धर्मेंद्र देव, मनोज दुबे, सागर देव, प्रवीण गुप्ता ,राजेश चौहान, पप्पू साहू, बिल्लू देहारी, छगनलाल, लछिननाथ प्रभु राम, तनीषा, आरती, चंचल ,यामिनी, अलबेला वार्ड से सुंदर जैन पार्षद उगेश्वरी उइके तथा अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ज़िला काँकेर के संगठन सचिव टी के जैन तथा नि:शुल्क ट्रेनिंग ले रहे बच्चों के द्वारा भी उल्लेखनीय स्वच्छता सेवा की गई। इन सभी के प्रयत्नों का परिणाम यह रहा कि पार्क का नक्शा ही बदल गया है और उसे देखने वाले लोग समाज सेवकों की प्रशंसा कर रहे हैं। स्वच्छता अभियान के समाचार सुनकर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक भी पार्क पहुंचे और उन्होंने अध्यक्ष पप्पू मोटवानी को आश्वासन दिया कि हमारे योग्य कोई काम हो तो बताइए। इस पर अध्यक्ष महोदय ने उन्हें धन्यवाद दिया।
