*विश्व श्रमिक दिवस पर “जन सहयोग” ने किया मज़दूरों का सम्मान*,,,

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

काँकेर । सुप्रसिद्ध सामाजिक संस्था “जन सहयोग” द्वारा आज 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस पर मज़दूरों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने वक्तव्य दिया कि दुनिया का कारोबार सिर्फ़ पैसे के बल पर नहीं चलता है, उसमें मज़दूर की भी ज़रूरत होती है और हम देखते हैं कि हमारे मज़दूर भाई रात दिन अधिक से अधिक मेहनत करते हैं । इसमें वे जानलेवा ठंड, बर्बादी की बाढ़ बरसात आग जैसी गर्मी सब कुछ झेलते हैं। अनेक प्रकार के दुख दर्द सहते हैं, तब कहीं जाकर उन्हें जीवन निर्वाह योग्य आजीविका मिलती है ।आज भी हम देख रहे हैं कि भीषण गर्मी में भी हमारे मज़दूर भाई काम में लगे हुए हैं ताकि समय पर घर में भोजन बन सके, परिवार और बाल बच्चों का ख़याल रख सकें। मज़दूर वर्ग के इन सत्य तथ्यों पर ध्यान देते हुए हम “जन सहयोग” वालों ने आज 1मई विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर उनका सम्मान शीतल पेयजल, गमछा, तौलिया, आदि प्रदान कर किया है और उनसे आशीर्वाद लिया है। अजय पप्पू मोटवानी ने कहा कि हमारे मज़दूर स्वाभिमानी होते हैं और अपनी मेहनत के बल पर ही गुज़ारा करना चाहते हैं, हम लोगों की दी हुई छोटी सी सौगात को उन्होंने प्रेम पूर्वक कबूल किया है । आज के इस कार्यक्रम में “जन सहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा वरिष्ठ समाज सेवक टी के जैन, प्रवीण गुप्ता, राजेश चौहान ,आशुतोष देव ,, ऋतिक सोनी,शैलेंद्र देहारी आदि नवयुवक समाजसेवियों ने कड़ी धूप में भी उत्साह पूर्वक भाग लिया। मज़दूर दिवस पर आयोजित यह छोटा सा सादगी पूर्ण कार्यक्रम पूरे शहर में चर्चा का विषय है।