बरगी क्रूज हादसा: पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव, ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का दिया आश्वासन

जबलपुर


आशीष कुमार दुबे

​जबलपुर/। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दोपहर विशेष रूप से जबलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बरगी बांध क्रूज हादसे के शिकार हुए पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है और हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
​लापता सदस्यों की तलाश जारी, मुख्यमंत्री ने ली जानकारी
​मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 3 बजे भोपाल से डुमना एयरपोर्ट पहुंचे और सीधे प्रभावित परिवारों के निवास स्थानों पर गए।
​ मुख्यमंत्री श्री कामराज के निवास पहुंचे। बता दें कि इस हादसे में श्री कामराज की पत्नी का निधन हो गया है, जबकि श्री कामराज और उनका 5 वर्षीय पुत्र तमिल अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश हेतु रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। उनके 10 वर्षीय पुत्र पुविथारन को सुरक्षित बचा लिया गया है। मुख्यमंत्री भसीन रेसीडेंसी स्थित सैयद रियाज हुसैन के घर पहुंचे। यहाँ उन्होंने 72 वर्षीय रियाज हुसैन से घटना की विस्तृत जानकारी ली। हादसे में उनकी पत्नी श्रीमती रेशमा सैयद और समधन सैयदा शमीम फातिमा जैदी का निधन हो गया है, जबकि रियाज हुसैन और उनके नाती को सकुशल बचा लिया गया था।
मुख्यमंत्री कृष्णा सोनी के निवास भी पहुंचे, जहां हादसे में उनकी पत्नी श्रीमती नीतू सोनी के निधन पर शोक व्यक्त किया। परिवार का 5 वर्षीय बालक विराज सोनी अभी भी लापता है।
​वरिष्ठ जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
​मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, सांसद श्री आशीष दुबे, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित अन्य वरिष्ठ विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लापता लोगों की तलाश में कोई कसर न छोड़ी जाए और पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए