यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कोंडागांव। जिले के विकासखंड केशकाल अंतर्गत ग्राम करमरी बिंझे निवासी स्वर्गीय रजाय बाई दुग्गा द्वारा डाकघर के माध्यम से इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा कराया गया था। कुछ दिन पूर्व उनके आकस्मिक निधन के पश्चात नामित व्यक्ति उनके पुत्र बलिदान राम दुग्गा को ₹2 लाख की बीमा राशि आईपीपीबी शाखा प्रबंधक श्री प्रीतम कुमार गुप्ता एवं एसएल गोटी उपडाकपाल के द्वारा उनके बैंक खाते में अंतरित कर भुगतान किया गया। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार की यह किफायती जीवन बीमा योजना 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के बैंक खाताधारकों के लिए संचालित है, जिसमें मात्र ₹436 वार्षिक प्रीमियम पर ₹2 लाख का जीवन बीमा कवर प्रदान किया जाता है। यह बीमा कवर प्रत्येक वर्ष 1 जून से 31 मई तक मान्य रहता है तथा 55 वर्ष की आयु तक इसका नवीनीकरण कराया जा सकता है। योजना की विशेषता यह है कि इसमें नामांकन के लिए किसी प्रकार की मेडिकल जांच आवश्यक नहीं होती तथा प्रीमियम राशि सीधे बैंक खाते से ऑटो-डेबिट के माध्यम से जमा हो जाती है। किसी भी कारण से मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को ₹2 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
