बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर | 15 अप्रैल 2026
बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना कोतवाली पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामोडोल कैप्सूल जब्त किए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस को 13 अप्रैल की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि आमागुड़ा चौक में एक युवक काले बैग में नशीली कैप्सूल लेकर बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समीर बघेल (23 वर्ष), निवासी पनारापारा, जगदलपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 27 पत्ते (216 नग) ट्रामोडोल कैप्सूल बरामद हुए, जिनका वजन 120.96 ग्राम और कीमत करीब ₹1,08,000 आंकी गई।

सप्लायर तक पहुंची पुलिस

आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह ये नशीली दवाएं उड़ीसा के नबरंगपुर से लाता था। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए नबरंगपुर (उड़ीसा) से सप्लायर सम्मुख ईश्वर उर्फ सोनू (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से 2 पत्ते (16 नग) ट्रामोडोल कैप्सूल (वजन 8.96 ग्राम, कीमत ₹8,000) जब्त किए गए।

कुल जब्ती
कुल कैप्सूल: 232 नग (29 पत्ते)
कुल वजन: 129.92 ग्राम
कुल कीमत: ₹1,16,000 (लगभग)

मेडिकल स्टोर की आड़ में धंधा
जांच में सामने आया कि आरोपी नबरंगपुर में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था, जिसे जगदलपुर में युवाओं को बेचा जाता था।

कानूनी कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य किया। साथ ही उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, प्रमोद ठाकुर, भुवनेश्वर पांडे सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।