दीपक बैज का रमन सिंह पर तीखा हमला: बोले- “अमित शाह की तुलना सरदार पटेल से करना उनका अपमान”

चंद्रहास वैष्णव

रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखे गए पत्र पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बैज ने इस पत्र को ‘चाटुकारिता’ की पराकाष्ठा बताते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

“चाटुकारिता की राजनीति”
दीपक बैज ने कहा कि रमन सिंह का पत्र पूरी तरह से राजनीतिक चाटुकारिता को दर्शाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन रमन सिंह के कार्यकाल में नक्सलवाद तीन ब्लॉकों से बढ़कर 14 जिलों तक फैल गया, वे आज बेशर्मी से इसके लिए पूर्ववर्ती केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

“सरदार पटेल से तुलना पर आपत्ति”
अमित शाह की तुलना देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल से किए जाने पर बैज ने गहरी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा:
“सरदार पटेल ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया, जबकि अमित शाह विपक्ष को डराने, कुचलने और लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। अमित शाह की तुलना सरदार पटेल से करना, महान ‘लौह पुरुष’ का अपमान है।”

“झिरम कांड और गुटबाजी का आरोप”
बैज ने रमन सिंह को घेरते हुए सवाल किया कि वे बताएं कि झीरम घाटी हमले के लिए असली जिम्मेदार कौन है? साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि रमन सिंह ने अपने पत्र में राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के नाम का उल्लेख तक नहीं किया है, जो भाजपा के भीतर की गहरी गुटबाजी को उजागर करता है।

Express MPCG