चंद्रहास वैष्णव 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा है कि केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और जीरो टॉलरेंस की नीति के चलते आज देश नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार ने लगातार प्रयास किए। लोगों को जागरूक किया गया और माओवादियों को मुख्यधारा में लाने के लिए पुनर्वास जैसी योजनाएं लागू की गईं, जिससे बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने दशकों तक नक्सलवाद का दंश झेला है। बस्तर सहित सुदूर वनांचल क्षेत्रों में लाल आतंक के कारण जनजातीय समुदाय का जीवन और विकास दोनों प्रभावित रहे। इस लड़ाई में कई सुरक्षाबलों के जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से राज्य में नक्सलवाद पर निर्णायक नियंत्रण संभव हो पाया है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई और आत्मसमर्पण की नीति से यह सफलता मिली है।
किरण सिंह देव ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद समाप्त करने की जो समयसीमा तय की थी, उसे पूरा किया गया है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि एक बेहतर और सुरक्षित भारत की दिशा में बड़ा कदम है।
