बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़, 14 लाख कीमती दवा समेत दो आरोपी गिरफ्तार

बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना बोधघाट पुलिस ने जगदलपुर के एक आरोपी और उड़ीसा के नबरंगपुर स्थित सप्लायर को प्रतिबंधित नशीली दवा ट्रामोडोल की भारी खेप के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस को 12 फरवरी की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि गंगामुंडा चौपाटी के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में नशीली कैप्सूल बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर नरेंद्र सिंह ठाकुर (36), निवासी भवानी चौक, जगदलपुर को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 84 पत्ते (672 नग) ट्रामोडोल कैप्सूल, वजन 450.2 ग्राम, कीमत लगभग 2,68,800 रुपये बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दवा नबरंगपुर (उड़ीसा) के एक मेडिकल स्टोर से लाता था। सूचना पर पुलिस टीम ने नबरंगपुर पहुंचकर वुन्ना रामाकृष्णा राव (61) को लक्ष्मी मेडिकल स्टोर से 356 पत्ते (2,848 नग) ट्रामोडोल, वजन 1,908.16 ग्राम, कीमत 11,39,200 रुपये के साथ गिरफ्तार किया।

कुल 440 पत्ते (3,520 नग) ट्रामोडोल, वजन 2,358.4 ग्राम, कीमत करीब 14,08,000 रुपये जब्त किए गए। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Express MPCG

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *