*कांकेर के ऑफिसर्स क्लब में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय नॉकआउट बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसमें कुल 16 टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में कांकेर के साथ-साथ चारामा एवं भानुप्रतापुर से भी टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की*

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर टूर्नामेंट के प्रथम दिन ग्रुप स्टेज के मुकाबले खेले गए, जबकि द्वितीय दिन सेमीफाइनल एवं फाइनल मैचों का आयोजन हुआ। सभी मुकाबले खेल भावना, अनुशासन एवं उच्च स्तरीय खेल प्रदर्शन के साथ संपन्न हुए, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

सेमीफाइनल में पहुँचने वाली टीमों के नाम इस प्रकार हैं—
1. अंकित खटवानी एवं अमन खटवानी
2. लक्ष्मेंद्र एवं भुवनेश्वर
3. अनिल सोम एवं आशीष राजपूत
4. तरुण बजाज एवं अनुभव

प्रतियोगिता में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सुभाष वार्ड पार्षद श्री विकास अम्बोरे एवं संजय नगर वार्ड पार्षद श्री सलीम मेमन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रकार के खेल आयोजनों को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अंकित खटवानी एवं अमन खटवानी (दोनों भाई) ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने नाम किया। उन्होंने यह रोमांचक मुकाबला 23–25, 24–22 एवं 21–18 अंकों से जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया। फाइनल मैच अंतिम सेट तक चला और दर्शकों के लिए अत्यंत रोमांचक रहा।

वहीं लक्ष्मेंद्र एवं भुवनेश्वर की जोड़ी ने प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

इस जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अंकित एवं विकास गजबल्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों द्वारा सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के निरंतर आयोजन की बात कही गई।

Express MPCG