अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद का दो दिवसीय 26वा राष्ट्रीय वार्षिक अधिवेशन राजस्थान की राजधानी जयपुर में गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

l इस ऐतिहासिक अधिवेशन में देश के सभी राज्यों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और मातृशक्तियों ने भाग लिया जिसमें छत्तीसगढ़ से भी कोंडागांव सहित प्रदेश के सभी जिलों के पूर्व सैनिकों एवं मातृशक्ति ने सक्रिय रूप से भाग लेकर संगठन की एकता और मजबूती का परिचय दिया l दिनांक 20 दिसंबर 2025 को अधिवेशन के प्रथम दिन मुख्य अतिथि राजस्थान के माननीय राज्यपाल श्री हरीभाऊ किशनराव बागडे और द्वितीय दिन दिनांक 21 दिसंबर 2025 को मुख्य अतिथि राजस्थान के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर रहे l कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी ने की l अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक देश की सबसे अनुशासित और समर्पित शक्ति है जिन्होंने अपने जीवन का सर्वोत्तम समय राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया है l उन्होंने पूर्व सैनिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का आश्वासन देते हुए कहा कि संगठन, सरकार और प्रशासन के समक्ष पूर्व सैनिकों की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा l राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कोंडागांव जिला के पूर्व सैनिकों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्ष 2024 में विजय दिवस के अवसर पर मैं कोंडागांव जिला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुआ था और मैंने देखा कि कोंडागांव जिला के पूर्व सैनिक समर्पित भाव से युवक एवं युवतियों को निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण देने के साथ-साथ युवाओं में देशभक्ति की भावना को जागृत कर रहे हैं जिससे कि वह समाज मे एक जिम्मेदार नागरिक बने l अधिवेशन के दौरान पूर्व सैनिकों से जुड़ी पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं, पुनर्वास, रोजगार, सामाजिक सम्मान और उनके परिवारों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई l विभिन्न राज्य से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्या और सुझाव रखें, जिन पर राष्ट्रीय स्तर पर समाधान की रणनीति बनाने पर सहमति बनी l इस राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव और फरसगांव ब्लॉक अध्यक्ष बप्पा नंदी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे l

Express MPCG