यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
काँकेर । पल्स पोलियो जैसे अखिल भारतीय स्तर के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में आज क्षेत्र की विख्यात सामाजिक सेवा संस्था “जन सहयोग” ने शानदार सहयोग दिया। दिन भर चलने वाले इस कार्यक्रम में सुबह से ही स्वास्थ्य विभाग तथा जन -सहयोग के सदस्य उपस्थित हो गए और उसके पश्चात शिशुओं को ला कर पोलियो ड्रॉप्स पिलाने का सिलसिला शुरू हो गया । मुख्य कार्यक्रम शहर के सबसे पुराने शतवार्षीय स्कूल जिला अस्पताल के निकट कन्या शाला मैं रखा गया था, जहां जनकपुर वार्ड की पार्षद मंजू सारथी तथा जन -सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न किया तथा शुरू में आने वाले अनेक शिशुओं को अपने कर कमलो से पल्स पोलियो ड्रॉप्स पिलाई। उल्लेखनीय है कि पोलियो रोग से पहले विश्व में अनेक बच्चे अपने शैशव काल में ही अपाहिज हो जाया करते थे, जिसकी रोकथाम के लिए विश्व स्तर पर संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा सरकारों को विश्व स्वास्थ्य संगठन के माध्यम से प्रेरित किया गया। भारत में भी यह कार्यक्रम 30 वर्षों से अधिक समय से चला आ रहा है और देश को पोलियो रोग मुक्त मान लिया गया है, फिर भी अतिरिक्त सावधानी के तौर पर यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष दिसंबर में आयोजित किया जाता है और शिशुओं को पल्स पोलियो ड्रॉप्स पिलाए जाते हैं। जन सहयोग सामाजिक संस्था इस प्रकार के के सरकारी कार्यक्रमों में स्वयं होकर सहयोग देती है ।आज भी जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी तथा उनके साथियों ने घर-घर जाकर लोगों को अपने बच्चों को पल्स पोलियोबूथ पहुंचाने की अपील की, अनेक को वहां तक पहुंचाया भी और ड्रॉप्स पिलाने में भी सहयोग किया, जिसमें उनके साथ संस्था के जितेंद्र प्रताप देव, करण नेताम, अमृत जवरानी, अखिलेश साहू आदि सामाजिक कार्यकर्ता भी थे। जनकपुर वार्ड की पार्षद मंजू सारथी ,आरएमओ सुदर्शन सलाम, मितानिन शकुंतला यादव ,मितानिन हर्षा साहू तथा महिला कार्यकर्ताओं ने भी भरपूर सहयोग दिया। आशा की जाती है कि आज की समाज सेवा से काँकेर क्षेत्र के सैकड़ों परिवार लाभान्वित होंगे तथा बच्चों के स्वास्थ्य के संबंध में जन- जागरूकता का विस्तार होगा।
