जगदलपुर में महिला सुविधाओं को बढ़ावा: संजय मार्केट और शहीद पार्क में बनेंगे पिंक शौचालय

चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में महिलाओं के लिए पिंक शौचालयों के निर्माण को मेयर इन काउंसिल ने स्वीकृति दे दी है। बैठक में संजय मार्केट और शहीद पार्क को दो प्रमुख स्थानों के रूप में चिन्हित किया गया, जहां आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।

महापौर ने इस निर्णय को महिला सुविधा और स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि संजय मार्केट और शहीद पार्क में रोजाना बड़ी संख्या में महिला श्रमिकों और यात्रियों की आवाजाही रहती है, ऐसे में पिंक शौचालय उनके लिए सुरक्षित और स्वच्छ व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। महापौर ने परियोजना के लिए स्वीकृति और आर्थिक सहयोग देने हेतु कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी का आभार भी जताया।

नगर निगम द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार, इस परियोजना को CSR के तहत पूरा किया जाएगा, जिससे महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक शौचालय सुविधा उपलब्ध होगी। महापौर ने कहा कि शहरी विकास और स्वच्छता को लेकर नगर निगम लगातार प्रयासरत है और पिंक शौचालयों का निर्माण इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए शौचालयों की व्यवस्था केवल स्वच्छता से नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और सम्मान से भी जुड़ी है। जल्द ही संजय मार्केट और शहीद पार्क में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे शहर में महिला सुविधाओं को और सशक्त बनाया जा सकेगा।

Express MPCG