चंद्रहास वैष्णव 
जगदलपुर। बस्तर डाक संभाग द्वारा आज संभागीय कार्यालय में ‘ग्राहक मिलन कार्यक्रम’ का सफल आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बस्तर डाक संभाग के अधीक्षक श्री ज्ञानेश कुमार मिश्रा ने की। कार्यक्रम में निजी बैंकों, खादी ग्रामोद्योग, फूड प्रोसेसिंग, वुडन आर्ट, बांस एवं कौड़ी शिल्प, कृत्रिम आभूषण निर्माताओं सहित जिले की कई प्रमुख हस्तशिल्प इकाइयों से जुड़े उद्यमी, कलाकार तथा व्यवसायी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
ग्राहक मिलन का उद्देश्य ग्राहकों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं, सुझावों और व्यावसायिक जरूरतों को समझना था। प्रतिभागियों ने विभाग की सेवाओं के साथ अपने अनुभव साझा किए और भविष्य में सहयोग बढ़ाने पर सकारात्मक चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय उद्योगों, स्टार्टअप्स और व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए विभाग कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इनमें—
स्पीड पोस्ट एवं पार्सल सेवा के माध्यम से त्वरित और सुरक्षित डिलीवरी
डोरस्टेप पिकअप सुविधा, जिससे व्यवसायियों को डाकघर नहीं जाना पड़ता
बुक नाउ, पे लेटर (BNPL) सुविधा, जिसमें व्यावसायिक ग्राहक बाद में भुगतान कर सकते हैं
एडवांस कस्टमर सेवा, बड़े उपभोक्ताओं के लिए प्राथमिकता आधारित सुविधा
पार्सल पैकेजिंग सुविधा, जो मानक अनुसार सुरक्षित पैकिंग उपलब्ध कराती है
अधीक्षक श्री ज्ञानेश कुमार मिश्रा ने कहा कि बस्तर क्षेत्र की समृद्ध हस्तशिल्प विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भारतीय डाक विभाग पूरी तरह सहयोग करेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्राहकों ने विभाग की सेवाओं की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन व्यवसाय वृद्धि और बेहतर सुविधा प्रदान करने में अत्यंत लाभकारी हैं।
