चंद्रहास वैष्णव 
जगदलपुर। बस्तर युवा कांग्रेस ने रेशम पालन (सेरीकल्चर) विभाग में हो रही अनियमितताओं और किसानों की समस्याओं को लेकर विभाग को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में सेरीकल्चर विभाग, जगदलपुर के अधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में रेशम पालन योजना के अंतर्गत किसानों और बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाहियाँ सामने आ रही हैं। इन खामियों के कारण लाभार्थियों को योजनाओं का पूर्ण लाभ नहीं मिल पा रहा है और किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
मुख्य समस्याओं में ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशिक्षण शिविरों की संख्या सीमित होना, किसानों को योजनाओं की जानकारी का अभाव, रेशम बीज, पौधे और तकनीकी सहायता समय पर न मिलना शामिल है। इसके अलावा अधिकारियों की उदासीनता और निगरानी तंत्र की कमी के कारण पात्र किसानों व युवाओं तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुँच पा रहा है।

युवा कांग्रेस की माँगों में प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर नियमित प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन, गुणवत्तापूर्ण बीज और पौधों की समय पर उपलब्धता, तथा योजनाओं की निगरानी के लिए स्वतंत्र समिति का गठन प्रमुख है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सभी पात्र किसानों और युवाओं को योजनाओं की जानकारी पारदर्शी तरीके से दी जाए ताकि कोई भी वंचित न रह जाए।
युवा कांग्रेस ने उम्मीद जताई है कि विभाग शीघ्र ठोस कदम उठाएगा, जिससे किसानों और बेरोजगार युवाओं को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके और रेशम पालन क्षेत्र में पारदर्शिता और विश्वास कायम हो।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप, जिला सचिव विजय भारती, रामचंद्र एवं अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
