विनोद जैन
बालोद: शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में 62 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिलें
बालोद, 16 सितंबर 2025: छत्तीसगढ़ शासन की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, बालोद में कक्षा 9वीं की 62 पात्र छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। इस योजना का उद्देश्य छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहन देना और स्कूल आने-जाने की सुविधा प्रदान करना है, ताकि उनकी पढ़ाई में किसी भी प्रकार की बाधा न आए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी थे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा, “यह योजना न केवल छात्राओं की शिक्षा को सशक्त बनाएगी, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगी।यह योजना छत्तीसगढ़ शासन की उन पहलों में से एक है, जो ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। ” शाला विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती रोहिणी साहू ने अपने संबोधन में जोड़ा, साइकिल वितरण से छात्राओं का स्कूल आना-जाना आसान होगा, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी।
कार्यक्रम में शाला विकास समिति के सदस्य श्री डी.एस. देशमुख, श्री वाय.के. देशमुख और शाला के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे। शिक्षकों ने छात्राओं को साइकिल के सुरक्षित उपयोग और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। इस अवसर पर स्कूल के छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
