तय रेट से ज्यादा दाम पर खाद बेचते पकड़ा गया दुकानदार, 400 बोरी खाद सीज – मामला पहुंचेगा कलेक्टर कोर्ट

चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर।
बस्तर जिले में खाद विक्रेताओं की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को जगदलपुर ब्लॉक के कुम्हरावंड स्थित दंतेश्वरी कृषि केंद्र में तय दर से ज्यादा दाम पर खाद बेचते हुए दुकानदार पकड़ा गया। किसानों की शिकायत पर पहुंचे कृषि विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए दुकान में रखी करीब 400 बोरी खाद, जिसमें यूरिया और बायो पोटाश शामिल था, सीज कर दी।

कृषि विभाग के सहायक संचालक एवं नोडल अधिकारी लखन धर दीवान ने बताया कि जांच के दौरान दुकान में यूरिया और बायो पोटाश की बिक्री तय रेट से ज्यादा पर की जा रही थी। बाजार में यूरिया का सरकारी रेट 266 रुपए और बायो पोटाश का 1200 रुपए प्रति बोरी है, लेकिन दुकानदार किसानों को यूरिया तक 1200 रुपए में बेच रहा था। इस कार्रवाई में करीब 2 लाख 93 हजार 200 रुपए मूल्य का खाद जब्त किया गया।

उन्होंने बताया कि उपसंचालक कृषि राजीव श्रीवास्तव के निर्देश पर की गई कार्रवाई में उर्वरक निरीक्षक योगेंद्र ठाकुर और अखिलेश नाग भी शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब संबंधित दुकानदार केवल बीज और कीटनाशक की बिक्री कर सकेगा।

 

लाइसेंस निलंबन और कोर्ट में मामला

इससे पहले भी बस्तर ब्लॉक के बस्तर कृषि केंद्र के संचालक का लाइसेंस तय रेट से ज्यादा पर खाद बेचने पर निलंबित किया जा चुका है। कृषि विभाग ने साफ किया कि किसानों की शिकायत पर लगातार जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

दीवान ने बताया कि बिना O फॉर्म और बिना ई-पॉस मशीन का उपयोग किए खाद बेचना भी गंभीर लापरवाही है। किसानों के बयान दर्ज कर मामला कलेक्टर कोर्ट में दायर किया जाएगा, जहां से मिले आदेश के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

कलेक्टर हरिस एस ने निर्देश दिए हैं कि जिले में सभी उर्वरक दुकानों की नियमित जांच की जाए, ताकि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध हो सके।

Express MPCG