यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
काँकेर । सेन चौक से आगे एक खंडहर में डेरा डाले हुए अवध रवानी तथा ताराबाई रवानी को “जन सहयोग” समाजसेवी संस्था ने एक बार फिर सहारा देते हुए ज़िला कोमलदेव अस्पताल पहुंचा दिया, जहां समर्पित सेवा भावी डॉक्टरों तथा स्टाॅफ द्वारा उनकी सेवा तथा इलाज की व्यवस्था यथासंभव की गई है। समय पर पहुंचा दिए जाने के कारण अवध रवानी की तबीयत अब लगभग ठीक है, किंतु उनकी पत्नी ताराबाई की हालत इतनी ख़राब थी कि फौरन ऑक्सीजन देने की ज़रूरत पड़ गई । “जन सहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने बताया कि विगत शनिवार को हमारी संस्था ने वृद्ध दंपति के खंडहर की सफ़ाई की थी और उनके भोजन, वस्त्र, बिस्तर आदि का प्रबंध किया था। अब हम लोग उनकी चिकित्सा का भी प्रबंध कर रहे हैं ।अगर डॉक्टर की सलाह मिली तो उच्च स्तर के इलाज हेतु हम लोग इन्हें रायपुर भी पहुंचा सकते हैं। आज के इस सेवा कार्य में जन सहयोग संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा आशुतोष देव तथा करण नेताम ने भी उल्लेखनीय सेवा की। ज़िला कोमलदेव अस्पताल के संवेदनशील डॉक्टर संदीप नाग , डॉक्टर प्रीति पैकरा , स्टाॅफ नर्स खुमेश्वरी, स्टाॅफ नर्स, विनीता विश्वास, प्राची साहू, वार्ड ब्वाय हितेश्वर तथा बिंदेश्वरी ने उत्साह पूर्वक मरीज़ ताराबाई को तत्परता से उचित इलाज प्रदान किया। आशा की जाती है कि अवध रवानी की तरह उनकी पत्नी ताराबाई भी शीघ्र ही स्वास्थ्य लाभ कर लेगी। उपर्युक्त नेक कार्य तथा मरीज़ों को नई ज़िंदगी देने के लिए शहर के आम नागरिकों द्वारा “जन- सहयोग” तथा अस्पताल स्टाॅफ की प्रशंसा की जा रही है।
