कोंडागांव में “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता पर राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच ने किया ऐतिहासिक आयोजन, तिरंगा रैली में उमड़ा देशभक्ति का जनसैलाब

कोंडागांव न्यूज___

फागू यादव,

कोंडागांव, 25 मई 2025 — भारतीय सेना की अद्वितीय वीरता और राष्ट्ररक्षा में उनके पराक्रम को नमन करते हुए राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच के तत्वावधान में आज नगर के एनसीसी मैदान में “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता के उपलक्ष्य में एक भव्य जनसभा एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन विशेष रूप से मातृशक्ति के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसने देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल पेश की।

हजारों लोगों की हुई सहभागिता

दोपहर 2:00 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिलाएं, युवा, स्कूली छात्र-छात्राएं और समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक उमड़ पड़े। पूरा एनसीसी मैदान देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। सभा में भूतपूर्व सैनिकों और समाज सेवा में सक्रिय महिलाओं ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

महिला वक्ताओं ने भरी हुंकार

सभा को संबोधित करते हुए महिला वक्ताओं ने भारतीय सेना के साहस और “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता को भारत माता की विजय बताया। उन्होंने कहा, “भारत की माताएँ और बेटियाँ आज राष्ट्ररक्षा के हर अभियान में सेनाओं के साथ खड़ी हैं। हमारी सेना ने जिस प्रकार आतंकी हमले का जवाब दुश्मन की धरती पर जाकर दिया, वह पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।”

रैली बनी देशभक्ति का उत्सव

सभा के उपरांत शौर्य यात्रा के रूप में एक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई, जिसकी अगुवाई स्काउट-गाइड की छात्राओं ने की। रैली में हजारों महिलाएं पारंपरिक परिधान में, हाथों में तिरंगा थामे चल रही थीं। यह दृश्य भारत माता के जीवंत स्वरूप जैसा प्रतीत हो रहा था, जिसने हर नागरिक के भीतर गर्व और प्रेरणा की लहर जगा दी।

रैली एनसीसी मैदान से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गो से होती हुई वापस एनसीसी मैदान में संपन्न हुई। रैली के दौरान देशभक्ति गीत और नारों से वातावरण गूंज उठा।

जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति

रैली और सभा में कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशी पन्ना, जनपद अध्यक्ष, नगर पंचायत प्रतिनिधि एवं कई सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने इस पहल को महिलाओं की नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक बताया।

प्रशासन रहा सतर्क

रैली की सफलता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। नगर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा जिससे रैली शांति और व्यवस्था के साथ संपन्न हो सकी।

मातृशक्ति का नेतृत्व रहा केंद्र में

इस आयोजन में महिलाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली। सफेद और केसरिया रंग की साड़ियों में सजी महिलाएं जब हाथों में तिरंगा लेकर रैली में आगे-आगे चल रही थीं, तो वह दृश्य हर किसी के लिए प्रेरणा बन गया। यह दृश्य दर्शाता है कि राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।

आयोजकों को मिला जनसमर्थन

इस ऐतिहासिक आयोजन के सफल संचालन हेतु राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच की जिला संयोजक सुश्री शिवानी उसेंडी सहित समस्त कार्यकर्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। मंच की ओर से यह विश्वास जताया गया कि “ऑपरेशन सिंदूर” की तरह देश को हर संकट से उबारने के लिए जनता और सेना एकजुट हैं।”

Express MPCG