कोंडागांव नगर पालिका की समीक्षा बैठक सम्पन्न, बरसात से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करें, समय पर काम नहीं होने पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

कोंडागांव न्यूज__
फागू यादव,

कोंडागांव, 24 मई 2025: नगर पालिका परिषद कोंडागांव में शुक्रवार को अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे, सहायक अभियंता सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।

बैठक में नगर के अंतर्गत जारी विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अध्यक्ष नरपति पटेल ने ठेकेदारों को निर्देशित किया कि आगामी मानसून को देखते हुए सभी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्यों में लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने भी कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। वहीं, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे ने कार्यों की गति बढ़ाने के लिए तकनीकी दिशा-निर्देश दिए और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होते हैं, तो संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

नगर पालिका द्वारा यह पहल नागरिकों को बारिश के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।