कोंडागांव न्यूज__
फागू यादव, 
कोंडागांव, 21 मई 2025:
कोंडागांव जिले में कुपोषण की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। जिले के मध्यम कुपोषित 69 बच्चों की व्यक्तिगत निगरानी के लिए 69 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में कलेक्टर ने आज आंगनबाड़ी केंद्र बंधापारा का निरीक्षण किया और वहां लव्यांश नामक बच्चे से भेंट कर उसके वजन और ऊंचाई की जानकारी ली।
कलेक्टर ने बच्चे की माता से भी संवाद कर नियमित पोषण आहार देने की समझाइश दी और बच्चे का हर सप्ताह वजन कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत, वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना और पोषण वाटिका के निर्माण के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान यूनिसेफ के विशेषज्ञ भी उपस्थित थे।
इसी पहल के तहत जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई ने आंगनबाड़ी केंद्र शीतला पारा-1 का दौरा कर पुष्कर देवांगन नामक बच्चे से घर जाकर मुलाकात की और परिजनों को पोषण के प्रति जागरूक किया।
एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे, उद्यानिकी विभाग के विमल गौतम, पीडब्ल्यूडी के ईई एआर मरकाम, समाज कल्याण विभाग की श्रीमती ललिता लकड़ा, पशुपालन विभाग के डॉ. एमबी सिंह, खेल अधिकारी सुश्री सुधा कुमार, शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने-अपने गोद लिए बच्चों से भेंट कर उनके पोषण स्तर में सुधार हेतु मार्गदर्शन दिया।
यह पहल जिले में कुपोषण को दूर करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। अधिकारी न केवल बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी करेंगे, बल्कि उनके खानपान, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुनिश्चित करेंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर बच्चों को आवश्यक पोषण व चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
