कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक संपन्न, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निपटारे पर जोर

कोंडागांव ब्रेकिंग न्यूज__
फागू यादव,

कोण्डागांव, 28 अप्रैल 2025: जिले में अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में एक उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना प्रभारी एवं राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को गंभीर अपराध प्रकरणों की त्वरित विवेचना कर शीघ्र चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने लंबित मामलों के निराकरण हेतु विशेष जांच दल गठित कर प्राथमिकता से कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

प्रमुख बिंदुओं में शामिल रहे:

वारंट एवं समंस तामिली अभियान: लंबित वारंटों की तामिली हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई एवं फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार: थानों में आने वाले नागरिकों से मित्रवत व्यवहार करने एवं उनकी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

चलित थाना योजना: ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में चलित थाने के माध्यम से शिकायतों का निराकरण कर सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर जोर।

विजिबल पुलिसिंग व पेट्रोलिंग: सभी थाना क्षेत्रों में नियमित संध्या पेट्रोलिंग, भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे स्कूल, बाजार, एटीएम आदि में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश।

साइबर क्राइम पर नियंत्रण: साइबर अपराधों से निपटने के लिए हर थाना स्तर पर साइबर सहायक अधिकारी नामित करने तथा जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) रूपेश कुमार डाण्डे सहित समस्त वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से फील्ड पर सक्रिय रहकर आमजन के विश्वास को बनाए रखने का आह्वान किया।

Express MPCG