फागु यादव

कोंडागांव, 28 अप्रैल 2025: शहर के चर्चित सरगी गार्डन एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह कुछ अजीब और डरावनी है। सोशल मीडिया पर बीते कुछ दिनों से कुछ तस्वीरें और एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि गार्डन में किसी “भूतिया साये” ने एक युवक पर हमला कर उसकी जान ले ली।
वायरल हो रही तस्वीरों में एक युवक की पीठ पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे हैं, वहीं दो धुंधली तस्वीरों में रहस्यमयी छायाएं नजर आ रही हैं, जिन्हें कुछ लोग “साया” बता रहे हैं। इसके साथ ही एक ऑडियो क्लिप में किसी की चीखने और रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिसने लोगों के मन में खौफ पैदा कर दिया है।
हालांकि प्रशासन और पुलिस ने अब तक इस घटना की कोई पुष्टि नहीं की है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह किसी शरारती तत्व की चाल हो सकती है जो डिजिटल एडिटिंग के ज़रिए इन अफवाहों को फैला रहा है। फिलहाल पुलिस वायरल कंटेंट की जांच में जुटी है और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
बच्चों और परिवारों में डर का माहौल
शहरवासियों, खासकर बच्चों में इन तस्वीरों को लेकर दहशत का माहौल है। कई अभिभावकों ने बच्चों को गार्डन जाने से रोक दिया है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि किसी भी अफवाह को न फैलाएं और अफवाह फैलाने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
जल्द ही पुलिस और मीडिया इस मामले की तह तक जाकर सच सामने लाने की कोशिश कर रहे हैं।
