कोंडागांव में अवैध पेड़ कटाई पर कांग्रेस का हमला – “भाजपा का नारा एक पेड़ माँ के नाम, फिर ये कटाई किसके नाम

कोंडागांव__

फागू यादव,

कोंडागांव – शहर में हो रही अवैध पेड़ कटाई को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस शहर मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन ने बयान जारी कर कहा कि “कांग्रेस बसाने का काम करती है, भाजपा उजाड़ने का। भाजपा का नारा है ‘एक पेड़ माँ के नाम’, लेकिन कोंडागांव में जो पेड़ कटाई हो रही है, वो आखिर किसके नाम पर हो रही है?”

नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि कोंडागांव शहर, खासकर मटन मार्केट क्षेत्र में, नीलगिरी के पेड़ों की अवैध कटाई वन विभाग की नाक के नीचे हो रही है और विभाग पूरी तरह मूकदर्शक बना बैठा है। पेड़ों को ट्रकों में भरकर खुलेआम लकड़ी मिलों में भेजा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में वन विभाग जानबूझकर आंखें मूंदे बैठा है, और अवैध गतिविधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि “विकास कार्यों के नाम पर यदि पेड़ काटे भी जाते हैं, तो नियमानुसार वन विभाग की अनुमति के बाद उसकी नीलामी होती है। लेकिन यहां तो न कोई अनुमति है, न प्रक्रिया, सिर्फ खुला दोहन।”

पेड़ कटाई से न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि उन छोटे दुकानदारों की आजीविका भी छिन रही है जो इन पेड़ों के नीचे अपनी दुकानें लगाकर जीवनयापन करते थे।

कांग्रेस ने इस अवैध कटाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि यदि वन विभाग और प्रशासन अब भी चुप रहा, तो कांग्रेस नाम सहित इस कृत्य को उजागर करेगी और धरना-प्रदर्शन से लेकर अनशन तक का रास्ता अपनाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि “सत्ता पक्ष की गुलामी बंद करें, जनता के हित में कार्य करें, वरना जनता भी जवाब देना जानती है।”

कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे को लेकर जन आंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेगी।

Express MPCG