रिपोर्टर – फागु यादव
7000467476
कोण्डागांव के 05 तीरंदाजों का हुआ राष्ट्रीय चयन, विजयवाड़ा में होने वाले राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
*कोंडागांव, * रायपुर के साइंस कॉलेज में आयोजित अंडर-15, अंडर-13 और अंडर-10 मिनी स्टेट आर्चरी चैंपियनशिप 2025 में कोण्डागांव के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस प्रतियोगिता में कोण्डागांव से 23 बालक-बालिकाओं ने भाग लिया था, जिनमें से पांच ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है। 26 फरवरी को मिली जानकारी अनुसार प्रीतेश सिंह ने अंडर-13 के 30 मीटर में दूसरा स्थान और मेधांश गहलावत ने चौथा स्थान हासिल किया है। वहीं कंपाउंड राउंड में धैर्य कुमार नेताम ने 30 मीटर में पहला स्थान हासिल किया है। इंडियन राउंड में नव्या देवांगन ने अंडर-10 के 15 मीटर वर्ग में तीसरा और अंडर-15 गर्ल्स रीकर्व राउंड में चंद्ररेखा सेठिया ने 40 मीटर की दूरी पर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

बताया जा रहा है ये खिलाड़ी अब 18 से 25 मार्च 2025 तक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इनकी सफलता के पीछे आईटीबीपी के हवलदार जीडी त्रिलोचन मोहंतो का मार्गदर्शन और वर्षों की कड़ी मेहनत शामिल है। 2016 से संचालित इस प्रशिक्षण शिविर के तहत डीआईजी आईटीबीपी राणा युद्धवीर सिंह के निर्देशों पर लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस उपलब्धि पर विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी गई, साथ ही अन्य प्रतिभागियों को भी भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
