नरसिहपुर
आशीष कुमार दुबे
नरसिंहपुर। कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने गाडरवारा स्थित डमरूघाटी शिवधाम परिसर में आगामी 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर तैयारियों और व्यवस्थाओं के संबंध में डमरूघाटी के पदाधिकारी व सदस्यों के साथ बैठक ली। उन्होंने यहां संबंधित एसडीएम, एसडीओपी, सीएमओ को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिये।बैठक में कलेक्टर ने डमरूघाटी में महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं के आने- जाने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पूजन व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर श्रीमती पटले ने यातायात व आवागमन को सुचारू बनाये रखने के लिए डायवर्सन प्वाइंट व ट्राफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिये। समिति के सदस्यों ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं का पूजन- अर्चन करने आना होगा। कलेक्टर श्रीमती पटले ने कहा कि इन श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार तैयारी हो। श्रद्धालुओं की सहूलियत का विशेष ध्यान रखें। बारी- बारी से श्रद्धालु दर्शन करने जायें। फायर बिग्रेड, स्वास्थ्य टीम आदि की भी व्यवस्था हो बैठक के उपरांत कलेक्टर ने डमरू घाटी का भी निरीक्षण किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी वैभव देशमुख ने शक्कर नदी पुल के पास रेट घाट पर लगने वाले मेले के बारे में जानकारी दी।बैठक में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्रीमती कलावती ब्यारे, डमरूघाटी समिति के अध्यक्ष श्री हंसराज मालपानी, श्री अशोक काबरा, श्री बसंत डागा, श्री चंद्रकांत शर्मा, श्री जिनेश जैन, श्री रामगोपाल अग्रवाल, श्री सुभाष जैन, श्री कन्हैया यादव, समिति के अन्य सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
