भानपुरी में युवक से लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई बाइक, फोन व नगद रकम बरामद, तीसरे आरोपी को ढूंढने जुटी पुलिस

आर एस भटनागर

जगदलपुर। भानपुरी क्षेत्र के बड़े आमाबाल में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की पहचान में पुलिस जुटी हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो बाइक, एक स्मार्टफोन, 2950 रूपए नगद और एक लोहे का कड़ा बरामद किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक बीते 19-20 जुलाई की दरम्यानी रात जगदलपुर से अपने दोस्त के साथ बाइक से बड़े आमाबाल के लिए निकले अमित कुमार पात्र सम्राट ढाबा से चाय पीकर विजय वैष्णव के घर जा रहा था। इसी बीच बाइक से पीछा करते हुए आरोपियों ने बड़े आमाबाल की मोबाइल दुकान के पास उसके पास बाइक, मोबाइल व 3000 रूपए नगद लूट लिए और मौके से भाग गए।

मामले की जांच के दौरान भानपुरी थाना प्रभारी राकेश राठौर, उपनिरीक्षक प्रमोद ठाकुर के नेतृत्व में टीम का गठन कर कार्रवाई के लिए उन्हें रवाना किया गया। इसी बीच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें पकड़ लिया गया। आरोपियों में सोनारपाल निवासी दिनेश नायक 26 वर्ष व देवड़ा निवासी पूरन यादव 20 वर्ष शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से दो बाइक, एक स्मार्टफोन, 2950 रूपए नगद, लोहे का कड़ा जब्त किया गया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में टीआई राठौर च एसआई ठाकुर के साथ उपनिरीक्षक शत्रुघ्न नाग, प्रधान आरक्षक सुंदर बघेल, प्रधान आरक्षक उमेश चंदेल, प्रधान आरक्षक भूपेंद्र नेताम, आरक्षक छबि सोम, आरक्षक ओमप्रकाश सिंह, आरक्षक प्रदीप कश्यप, आरक्षक सरोज सेठिया सहित स्टाफ मौजूद थे।