यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागाँव के द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस मनाया गया l पूर्व सैनिकों और निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षणार्थियों ने मिलकर विकास नगर स्टेडियम में प्लास्टिक की थैलियां और प्लास्टिक की बोतल इत्यादि वस्तुओं को उठाकर साफ़ सफाई किया l अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागाँव के जिलाध्यक्ष सुरज यादव ने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि डिस्पोजेबल प्लास्टिक बैग के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 3 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस मनाया जाता है l प्लास्टिक बैग, जो अपने छोटे जीवनकाल और विघटित होने में कठिनाई के लिए कुख्यात हैं, एक गंभीर पर्यावरणीय चिंता का विषय हैं। वे हमारी भूमि को प्रदूषित करते हैं, हमारे जलमार्गों को अवरुद्ध करते हैं, और समुद्री जीवन के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। प्लास्टिक बैग अपशिष्ट न केवल वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पारिस्थितिक तंत्र को भी बाधित करता है l अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस का प्राथमिक उद्देश्य लोगों को जागरूक कर प्लास्टिक बैग पर अपनी निर्भरता को कम करने के लिए प्रेरित करना है l कदम- कदम से प्लास्टिक हटाये, आओ धरती को स्वर्ग बनाये l प्लास्टिक को धरती से दूर भगाएं, धरती को बंजर होने से बचाए l प्लास्टिक को जड से मिटाना है, पर्यावरण को बचाना है नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ l इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागाँव के जिलाध्यक्ष सुरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, पूर्व सैनिक ढालेश साहू और निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले 200 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे l
