फागू यादव
कोंडागांव
*कोंडागांव 24 जून 2024:* छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल का आज चौथा दिन है। अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ये कर्मचारी डीएनके मैदान में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। बैनर और पोस्टर के माध्यम से उन्होंने अपने विभाग के खिलाफ विरोध जताया है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, वे हड़ताल पर बने रहेंगे। इस हड़ताल से जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ऑनलाइन कार्य और सिकल सेल जांच जैसी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। आपको बता दें सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मचारीगण 21 जून से अपने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय कोंडागांव नगर के डीएनके मैदान में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। हड़ताल को लेकर जिला अध्यक्ष दीपक वर्मा ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मचारियों को कार्य आधारित लंबित वेतन पीएलपी का भुगतान मई 2024 तक का पूर्ण किए जाने के साथ ही प्रत्येक माह की 15 तारीख के भीतर भुगतान किए जाने, महिला सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिले में स्थानांतरण किए जाने, मुख्यालय से 8 किलोमीटर की परिधि में निवास करने हेतु छूट दिए जाने के साथ ही पवन कुमार वर्मा जिला संयोजक कांकेर की सेवा समाप्ति के आदेश को तत्काल निरस्त कर उन्हें सेवा में बहाल करते हुए दोषी अधिकारियों पर नियमानुसार कार्यवाही करने की मांग को लेकर यह अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जा रहा है। फिलहाल इस मामले पर अभी तक जिला प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
