यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

काँकेर । दीन- दुखियों की हमेशा सहायता करने वाले शहर काँकेर के “जन सहयोग ” संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने बीती रात्रि को ऊपर नीचे रोड मरीन ड्राइव में एक वृद्ध महिला को सड़क पर सोते हुए देखा, जिसका हाथ टूटा हुआ था और वह शरीर से कमज़ोर तथा बीमार मालूम पड़ रही थी। श्री मोटवानी ने उसे अस्पताल चलने को कहा लेकिन वृद्ध महिला तैयार नहीं हुई । तब उन्होंने वहीं एक सुरक्षित जगह में ही घर से कंबल मंगा कर उसके सोने की व्यवस्था कर दी और सवेरे आकर अस्पताल ले जाने का वादा कर लिया। लेकिन सुबह वहां जाने पर उन्हें वृद्ध महिला वहां नहीं मिली। शायद उसके मन में अस्पताल को लेकर कुछ डर था, जिसके चलते वह गायब हो गई। श्री पप्पू कहते हैं कि हमें ऐसे ज़रूरतमंद इंसानों के लिए जो कुछ करना है ,जल्दी ही कर लेना चाहिए और अस्पताल का डर भी लोगों के मन से निकालना बहुत आवश्यक है। मुझे इस बात का दुख है कि वृद्ध महिला ने रात को भी अस्पताल जाने से इनकार किया था और सुबह-सुबह गायब ही हो गई। आसपास के क्षेत्र में बहुत ढूंढने पर भी वह कहीं नहीं मिली। समाज सेवा में इस प्रकार के कड़वे अनुभव भी होते हैं।
