भानुप्रतापपुर, रिपुदमन सिंह बैस
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कांकेर के निर्देशानुसार एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा) भानुप्रतापपुर सुश्री आस्था राजपूत के मार्गदर्शन में नगर पालिका आम निर्वाचन 2024 के तहत विभागीय निर्देश के अनुक्रम में नगर पंचायत भानुप्रतापपुर के वार्डो के परिसीमन का कार्य किया जावेगा। आज तहसील सभा कक्ष भानुप्रतापपुर में इस कार्य में लगे सभी अधिकारी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा ने सभी से नगर पंचायत की सीमा को ध्यान में रखकर समय सीमा में परिसीमन का कार्य करने को कहा। उन्होंने वार्डो की सीमा के अंतर्गत आने वाले घरों में घर घर जाकर सर्वे कार्य करने को भी कहा। मास्टर ट्रेनर्स टिकेश ठाकुर ने कहा कि छग राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशानुसार नगर क्षेत्र भानुप्रतापपुर के सभी वार्डो का परिसीमन समय सीमा में तत्काल पूर्ण करें जिसका प्रकाशन राजपत्र में किया जावेगा। परिसीमन के संबंध में सभी यह ध्यान रखें की प्रस्तावित वार्डों की चारों दिशाओं का वर्णन हो जो कि हिन्दी और अंग्रेजी दोनो में बनेगा। वार्ड का मानचित्र बनाया जावे जिसमें प्रत्येक वार्ड की चारों दिशाओं को इस प्रकार दिखाया जावे जिससे पूरी वार्ड की सीमायें स्पष्ट दिखें। इसके आलावा जनसंख्या पत्रक जिसमें गम जनगणना 2011 में प्रकाशित आंकडों के आधार पर कुल जनसंख्या, अनुसूचित जाति, अनूसूचित जनजाति सहित नगर के कुल जनसंख्या के आधार पर वार्ड की औसत जनसंख्या भी निकाला जाना है। इसके लिए सभी घर घर जाकर सर्वे का कार्य करेंगे। साथ ही साथ नजरी नक्शा में वार्ड के प्रमुख स्थानों को भी स्पष्ट दर्शित करेंगे। सभी अपना अपना कार्य करने के बाद संपूर्ण जानकारी आवश्यक निर्धारित प्रपत्र में बनाकर दो दो प्रति में जमा करेंगे। नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों के परिसीमन के समय इस बात का अवश्य ध्यान रखें की नगर की सीमा के निर्धारण के अनुरूप ही वार्डो का विभाजन किया जावे। साथ साथ हर वार्ड की सीमा को स्पष्ट रूप से दर्शित करें। आज के प्रशिक्षण में तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा, निर्वाचन प्रभारी अशोक ठाकुर,मास्टर ट्रेनर टिकेश्वर सिंह ठाकुर ,नुमेश सोनी, राजस्व निरीक्षक नरेंद्र ठाकुर के साथ साथ सभी वार्डों के नियुक्त प्रभारी और सहायक उपस्थित थे।
