भरत भारद्वाज
फरसगांव – लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए कांकेर लोकसभा के व्यय प्रेक्षक संदीप मंडल ने गुरुवार को जिले की सीमाओं पर लगाये गए स्थैतिक निगरानी दलों के चेकपोस्टों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने सर्वप्रथम ईरागांव स्थित स्थैतिक निगरानी दल के चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने कार्यवाहियों का अवलोकन करते हुए सीसीटीवी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दल के कर्मचारियों हेतु मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल एवं पंखे की व्यवस्था करने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए। उरंदाबेड़ा स्थित स्थैतिक निगरानी दल के चेकपोस्ट में पहुंच उन्होंने सीसीटीवी एवं पंखों की व्यवस्था करने कहा। इसके अतिरिक्त यहां की जा रही कार्यवाहियों का भी अवलोकन किया और उन्होंने ड्यूटी पर कार्यरत कर्मियों की पंजियों की जांच करते हुए सभी को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया।
