नशीली दवाओं पर बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 37 हजार की प्रतिबंधित दवाएं जब्त, 7 आरोपी भेजे गए जेल

आर एस भटनागर

जगदलपुर। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जगदलपुर शहर के दलपत सागर रोड के पास पुलिस ने 7 आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ धर दबोचा है। बताया जाता है कि आरोपी करीब 6 महीने से किराए के मकान में रहकर इस अवैध कारोबार को चला रहे थे। आरोपियों के कब्जे से 4400 नग नशीली दवा के कैप्सूल और 100 नग कोडीनयुक्त सिरप जब्त किया है। जब्त की गई दवाओं की कीमत करीब 37160 रूपए बताई जा रही है। इसके साथ ही आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल, एक बाइक व 20 हजार रूपए नगद भी जब्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक सिटी कोतवाली पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी कि सुकमा के रहने वाले दो लोग शहर में चोरी-छिपे अवैध नशीली दवाओं का कारोबार कर रहे हैं। दलपत सागर के पास वे इन दवाओं को बेच रहे हैं। इस सूचना पर कोतवाली टीआई लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर इसे मौके के लिए रवाना किया गया।

टीम ने वान्या लॉन के पास बाइक पर खड़े दो युवकों के पास पहुंची, जिनके पास मिले थैले में कुछ सामान रखा हुआ था। पुलिस की टीम को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन पुलिस के जवानों ने उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपियों ने पूछताछ में सुकमा निवासी तेजपाल सिंह व धीरजपाल सिंह बताया। वहीं तलाशी में उनके कब्जे से एल्प्राजोलम टैबलेट 1800 नग, पाइवॉन स्पास प्लस कैप्सूल 720 नग बरामद किया गया।

कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने करीब 6 महीनों से उनके साथी सुनील बघेल, रवि राव, प्रकाश, सद्दाम खान और विद्याचरण सोनवानी के साथ किराए के कमान में रहकर नशीली दवाओं का कारोबार करने की बात कही। तेजपाल व धीरजपाल की निशानदेही पर सुनील, प्रकाश व रवि के कब्जे से पाइवॉन स्पास प्लस कैप्सूल की 240 नग, विद्याचरण के कब्जे से एल्प्राजोलम टैबलेट 1200 नग और कोडीनयुक्त सिरप 100 नग जब्त किया गया।

इस कार्रवाई में टीआई राठौर के साथ उपनिरीक्षक प्रमोद ठाकुर, लोकेश्वर नाग, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश उसेण्डी, प्रधान आरक्षक अनिल कन्नौजे, उमेश चंदेल, आरक्षक भूपेंद्र नेताम, रवि सरदार, युवराज सिंह, भीषम ठाकुर, नरसिंह राजपूत, डोमेंद्र ठाकुर, भीगु कश्यप शामिल थे।