यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

काँकेर । तीन दिवसीय रामायण स्पर्धा के अंतिम दिन अतिथि बनकर पधारे कांकेर की जनसेवी संस्था “जन सहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने ग्राम के बुजुर्गों का सम्मान कर एक पुरातन परंपरा पर बल दिया। समीपस्थ ग्राम पुसवाड़ा में श्री श्री शिवशंकर मानस प्रतिष्ठान समिति के द्वारा 22 से 24 जनवरी तक छ.ग. राज्य स्तरीय त्रिदिवसीय संगीतमय सस्वर मानसगान एवं आध्यात्मिक चिंतन महोत्सव का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के अंतिम दिन जिले की सुप्रसिद्ध समाजसेवी संस्था “जनसहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भक्तगण भगवान राम के हर गुणों को आत्मसात करें। राम के हर प्रेरक चरित्र को अपना कर उसे अपनी जीवनचर्या में ढालें। इस अवसर पर बहुत सुंदर प्रस्तुति कलाकरों द्वारा दी जा रही है। इस आयोजन के लिए आयोजक समिति को अजय पप्पू मोटवानी ने बधाई दी। कार्यक्रम संबोधन के पश्चात ग्राम के कुल दस बुजुर्गो का ,अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने अपनी “जन सहयोग” टीम के सदस्यों के साथ श्रीफल व शॉल से भेंटकर सम्मान किया एवं चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर ग्राम पटेल कलीराम,जनपद अध्यक्ष रामचरण कोर्राम सहित समिति के पदाधिकारी व समस्त सदस्य उपस्थित थे।
