यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कांकेर । आज 20 जनवरी 2024 को नामी समाजसेवी संस्था जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी को उनके द्वारा की गई समाज सेवाओं एवं गौरवपूर्ण कार्यों के लिए अखिल भारतीय स्तर का बिरसा मुंडा सम्मान बस्तर अंचल के आदिवासी समाज द्वारा प्रदान किया गया । आज ही शहीद आदिवासी राजा गैंदसिंह की दो सौ वीं पुण्यतिथि भी थी। इस अवसर पर बस्तर के सुदूर आदिवासी अंचल छिंदगांव दम कसा में विशाल आदिवासी सम्मेलन आयोजित किया गया था, जहां “जन सहयोग ” अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी को सम्मान हेतु आमंत्रित किया गया था। सम्मेलन के मुख्य अतिथियों में कांकेर क्षेत्र के सांसद मोहन मंडावी जी समारोह आयोजन समिति के अध्यक्ष आदिवासी नेता प्रदीप जी, पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर , पद्मश्री अजय मंडावी, पीलम नरेटी, अन्नपूर्णा ठाकुर, उपस्थित थे। जय बाबा लिंगो मांदरी लोक नृत्य दल द्वारा आयोजित सम्मेलन में विभिन्न परंपरागत कार्यक्रमों के पश्चात मुख्य अतिथियों द्वारा “जनसहयोग” अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी का पुष्पहार द्वारा स्वागत एवं प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिन्ह द्वारा सम्मान किया गया। अपने सम्मान पर अजय पप्पू मोटवानी ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा तथा भूमिया राजा गैंद सिंह महान क्रांतिकारी थे, जिन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध सर्वप्रथम संघर्ष शुरू किया था और आदिवासी भाइयों को संगठित किया था। इस अखिल भारतीय स्तर के सम्मान पर अजय पप्पू मोटवानी को बधाइयों तथा शुभकामनाओं का लगातार सिलसिला चल रहा है। समस्त उत्तर बस्तर कांकेर जिले में समाजसेवी मोटवानी के इस सम्मान से अत्यंत हर्ष है।
